
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। दीपावली नजदीक आते ही शहर में पटाखों का बाजार सजने लगा है। इस बार बिठूर के सिंहपुर गांव में दो मैदानों पर थोक की 79 दुकानें लगाई गई हैं, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 34 थी। शहर के 40 स्थानों पर फुटकर पटाखों की दुकानें लगेंगी। पिछले वर्ष करीब 700 दुकानें थीं, जो इस बार बढ़कर एक हजार से अधिक होने की संभावना है। पटाखा बाजार में इस बार कई नई वैरायटी आई हैं। इनमें जानेमन, पैराशूट रॉकेट, तीन रंगों वाला मल्टी, सीटी वाली चकरगिन्नी और 12 से 580 शॉट्स तक के पटाखे शामिल हैं। कोल्ड ड्रिंक की बोतल जैसी पैकिंग वाला अनार भी आकर्षण का केंद्र है।सीएफओ दीपक शर्मा के अनुसार, फुटकर बाजारों में 55 से अधिक फायर ब्रिगेड, 70 से ज्यादा बुलेट बाइक और 250 फायर फाइटर्स तैनात किए जाएंगे। क्विक रिस्पांस टीम भी मुस्तैद रहेगी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने बताया कि सिंहपुर में दो मैदानों पर थोक बाजार लगाया जा रहा है।यूनियन क्लब ग्राउंड, बृजेंद्र स्वरूप पार्क, नवाबगंज आजाद पार्क, नौबस्ता, बर्रा, कल्याणपुर, पनकी, घाटमपुर और बिल्हौर समेत शहर के 40 निर्धारित स्थानों पर फुटकर दुकानें लगाई जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।