news-details

दिसंबर से शुरू होगा नेकी की दीवार निःशुल्क वस्त्र बैंक

You can share this post!

विचित्र पहल की बैठक में लिया गया निर्णय, जरूरतमंदों की मदद के लिए साफ-सुथरे अनुपयोगी वस्त्र दान करने की अपील

 

 


औरैया। विचित्र पहल की आवश्यक बैठक रविवार को अटल आश्रय गृह में संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सर्दी के मौसम में खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने वाले बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से नेकी की दीवार नामक निःशुल्क वस्त्र बैंक शुरू करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से दिसंबर माह से वस्त्र बैंक का विधिवत संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से अटल आश्रय गृह में प्रतिवर्ष निःशुल्क वस्त्र बैंक का संचालन करती आ रही है। इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाव के लिए निःशुल्क ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए जाते हैं। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने वस्त्र बैंक भवन का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। संस्थापक ने कहा कि सर्दी की दस्तक शुरू हो चुकी है और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए जल्द ही वस्त्र बैंक का शुभारंभ किया जाएगा।उन्होंने कहा कि समाज में तमाम ऐसे लोग हैं जिनके पास ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कपड़े नहीं हैं, वहीं बहुत से लोगों के घरों में ऐसे अनुपयोगी वस्त्र रखे हैं, जिनका वे इस्तेमाल नहीं करते। ऐसे में जरूरतमंदों की मदद के लिए उन्होंने दयावान लोगों से अपने घरों में रखे साफ-सुथरे अनुपयोगी वस्त्र दान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम पांच बजे तक अटल आश्रय गृह, औरैया में अपने वस्त्र जमा करा सकते हैं। पर्याप्त मात्रा में ऊनी वस्त्र एकत्र होने के बाद निःशुल्क वस्त्र बैंक का विधिवत संचालन शुरू किया जाएगा।बैठक में डॉ. शिव कुमार सोनी, बैंक से सेवानिवृत्त शेखर गुप्ता, तेज बहादुर वर्मा, समाजसेवी एलएन गुप्ता, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू), संतराम, संस्था अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) एवं संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।