
अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार 80 पेटी अंग्रेजी शराब, 83 पैकेज दवाइयां और 15 लाख का लोडर बरामद
औरैया। दवाइयों की आड़ में डाक पार्सल के नाम पर अवैध शराब की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्करी के इस अनोखे तरीके का खुलासा थाना अजीतमल पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां, दवाइयों के 83 पैकेज, चालान, रसीद व बिल तथा तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा डाक पार्सल लिखा एक लोडर बरामद किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये, जबकि लोडर की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी के एक ऐसे तरीके का खुलासा हुआ है, जिसमें दवाइयों की खेप के बीच शराब छिपाकर पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार आगामी धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए जनपद में अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना अजीतमल पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम रात्रि में अनंतराम टोल प्लाजा पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डाक पार्सल लिखा एक लोडर वाहन दवाइयों की आड़ में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनएच-19 पर इटावा से औरैया की ओर आने वाले मार्ग पर कस्बा अजीतमल के भटा रोड के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध लोडर को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। लोडर के अंदर दवाइयों के 83 पैकेज के साथ चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 80 पेटियां बरामद हुईं। साथ ही दवाइयों से संबंधित चालान, रसीद और बिल भी मिले, जिससे वाहन को डाक पार्सल के रूप में दिखाकर ले जाने की तैयारी की गई थी। पुलिस ने मौके से लोडर चालक रामकुमार पुत्र प्रेमचंद्र निवासी ग्राम महादेव पूर्वा, थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज को हिरासत में ले लिया। बरामदगी के आधार पर थाना अजीतमल में मुकदमा अपराध संख्या 429/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर बिहार में करता था महंगे दामों पर बिक्री पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रामकुमार ने बताया कि वह पुलिस को शक न हो, इसलिए डाक पार्सल लिखे लोडर में दवाइयों के बीच शराब छिपाकर तस्करी करता था। उसके अनुसार वह चंडीगढ़ (हरियाणा) से सस्ते दामों पर अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी ने पूछताछ में इस तरीके से कई बार शराब की तस्करी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बिहार के मोतिहारी और मुजफ्फरपुर जनपदों से पूर्व में दो बार जेल जाने की जानकारी दी है। हालांकि इस संबंध में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।15 लाख का वाहन भी जब्त पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे आइशर कंपनी के लोडर को भी कब्जे में लिया है। वाहन पर बिहार का पंजीकरण नंबर BR 11 GD 8828 अंकित है। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। कार्रवाई में थाना अजीतमल के प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह और ऊंचा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम बालक सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।