
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने और खाद वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को जायस मंडी के धान क्रय केंद्रों और साधन सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद की प्रगति, किसानों की सुविधाओं और केंद्रों पर उपलब्ध उपकरणों की जांच की। निरीक्षण के दौरान पहली बार धान बेचने पहुंचे किसान मार्तंड प्रताप सिंह और कृष्ण कुमार गिरी को डीएम ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।जायस मंडी के एक क्रय केंद्र पर पीओएस मशीन उपलब्ध नहीं मिलने पर डीएम ने केंद्र प्रभारी को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कुछ केंद्रों पर संपर्क रजिस्टर भी नहीं मिले, जिस पर उन्होंने किसानों का विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज करने को कहा। इसके बाद ओदारी, निगोहा और सैम्बसी स्थित साधन सहकारी समितियों का निरीक्षण कर यूरिया और डीएपी वितरण की जानकारी ली। उन्होंने खाद वितरण में पारदर्शिता रखने और किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।डीएम ने बताया कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार नजदीकी समितियों से खाद प्राप्त कर सकते हैं। जिले में धान खरीद के लिए 115 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां एक नवंबर से खरीद शुरू हो चुकी है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी केंद्र पर धान बेच सकते हैं। खरीद या खाद वितरण से संबंधित समस्या होने पर किसान मोबाइल नंबर 9415885533 और 6394492524 पर संपर्क कर सकते हैं।