
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। बोर्ड के अनुसार 6 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और छात्र 27 जून तक यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।यह परीक्षा विशेष रूप से उन छात्रों के लिए आयोजित की जा रही है जो हाईस्कूल में किसी एक विषय में फेल हैं या अपने प्राप्त अंकों में सुधार करना चाहते हैं। वहीं इंटरमीडिएट स्तर पर ऐसे छात्र जो एक विषय में अनुत्तीर्ण हैं, वे कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय में इन परीक्षाओं के लिए लगभग 30 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जिनकी अंतिम स्थिति परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद स्पष्ट होगी। परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए 256.50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए 306 रुपये शुल्क तय किया गया है। अभ्यर्थियों को यह शुल्क कोषागार में चालान के माध्यम से परिषद के निर्धारित खाते में जमा करना होगा।अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि यदि कोई छात्र लिखित या प्रयोगात्मक दोनों भागों में अनुत्तीर्ण है तो उसे दोनों भागों की परीक्षा देनी होगी। वहीं यदि कोई छात्र किसी विषय के केवल एक भाग में फेल है, तो वह केवल उसी भाग की परीक्षा दे सकता है, हालांकि चाहें तो दोनों भागों में भी शामिल हो सकता है।बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य छात्रों को एक और अवसर देना है ताकि उनका शैक्षणिक वर्ष खराब न हो और वे आगे की पढ़ाई में बिना बाधा के प्रवेश ले सकें।