
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी के मेधावी छात्र सूर्यदीप प्रजापति को सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जाएगा। लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मान प्रदान किया जा रहा है। सूर्यदीप ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त कर वाराणसी का नाम रोशन किया है।सूर्यदीप लहुराबीर स्थित पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज का छात्र है। सम्मान समारोह में उसे एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, टैबलेट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव और सूर्यदीप के पिता को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।इसके साथ ही वाराणसी में सर्किट हाउस में जनपद स्तरीय मेधावियों के सम्मान के लिए अलग समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कुल 21 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 19 विद्यार्थी यूपी बोर्ड तथा 2 छात्राएं सीबीएसई बोर्ड की हैं।जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लखनऊ में होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे जिले के विद्यार्थी और शिक्षक इस समारोह को देख सकेंगे।जनपद स्तर पर सम्मानित होने वाले हाईस्कूल मेधावियों में मानसी यादव, अंशिका यादव, शिवम कुमार, आराध्या बरनवाल, अमन मौर्य, आंचल पटेल, प्रियांशु यादव और आरती विश्वकर्मा शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में साक्षी, वैशाली मौर्य, रितू वर्मा, अंजलि प्रजापति, अरुण वर्मा, आयुषी सिंह, करिश्मा राय, शिवा सिंह, सावंत और नेहा यादव का चयन हुआ है।जनपद स्तरीय सभी मेधावियों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।