
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। सेवा पखवाड़ा के तहत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में 9 से 11 अक्टूबर तक राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन और भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयुक्त सौजन्य से होगा। टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और विदर्भ की छह टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें 8 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगी। आयोजकों के अनुसार उद्घाटन अवसर पर बहराइच निवासी धर्मेंद्र नौ सेकेंड में 76 नारियल फोड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगे। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है। अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि खेलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव, गौतम जायसवाल, रोशन द्विवेदी, सुबोध राय, प्रदीप राजभर और मदनमोहन वर्मा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। संयोजन वीर भद्र सिंह ने किया।