
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। देश के गेहूं और गेहूं उत्पाद उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का दो दिवसीय WPPS CEO Conclave 2026 गुरुवार को वाराणसी के होटल ताज गंगेज में शुरू हुआ। व्हीट प्रोडक्ट्स प्रमोशन सोसायटी (WPPS) द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन की थीम "Redefining Wheat Value Chains for a New India" रखी गई है। कार्यक्रम का सह-आयोजन उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन ने किया है।कॉन्क्लेव में देश के 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों, 81 शहरों से लगभग 350 प्रतिनिधि और 50 से अधिक विशेषज्ञ, वक्ता व उद्योग प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में गेहूं उत्पादन, फ्लोर मिलिंग, बेकरी, खाद्य प्रसंस्करण, पोषण, फोर्टिफिकेशन, सप्लाई चेन, आधुनिक तकनीक और वैश्विक बाजार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा।WPPS के चेयरमैन अजय गोयल ने कहा कि गेहूं केवल एक खाद्यान्न नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा, किसान आय, रोजगार और उद्योग से जुड़ी पूरी वैल्यू चेन का आधार है। वहीं, यूपी रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में शामिल है और इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी प्रदेश के लिए गौरव की बात है।कॉन्क्लेव में उद्योग से जुड़े उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को WPPS Awards से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों के लिए गंगा आरती, काशी विश्वनाथ दर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। सम्मेलन से गेहूं उद्योग को अधिक आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव मिलने की उम्मीद जताई गई है।