
वाराणसी । आज समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, वाराणसी में समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात हवन-पूजन एवं शांति पाठ का कार्यक्रम नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशि प्रताप सिंह जी द्वारा सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशि प्रताप सिंह ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव एक युगपुरुष थे, उनके निधन से ऐसा लगा कि एक युग का अंत हो गया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने जीवन भर गरीब, किसान, नौजवान और वंचित समाज के हक की लड़ाई लड़ी। उनके विचार और उनका संघर्ष हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे।सभा में समाजवादी पार्टी के सहयोगी दल नेशनल इक्वल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। इस दौरान वक्ताओं ने श्रद्धेय नेताजी के जीवन, संघर्ष एवं समाजवादी विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, पूर्व जिलाध्यक्ष आत्माराम यादव, गोपाल पांडेय, संतोष यादव, दिनेश यादव, लोकगायक किशन दीक्षित, ओ.पी. सिंह, अखिलेश मिश्र, अब्दुल समद अंसारी सहित अन्य कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे ।।