
पारदर्शी विकाश न्यूज़ ललितपुर। पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने और भविष्य को सुरक्षित करने के संकल्प के साथ आज जनपद में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सरकारी व शैक्षणिक संस्थानों में वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान की अगुवाई करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने स्वयं कलेक्ट्रेट परिसर और राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचकर पौधरोपण किया। डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में देशव्यापी अभियान एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत एक पौधा रोपा। उन्होंने इस मुहिम को धरती मां के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं है, बल्कि हर नागरिक की अपनी जड़ों और प्रकृति के प्रति नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पौधरोपण कर नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। डीएम ने जनपद वासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि लगातार बढ़ रहे तापमान और बिगड़ते पर्यावरण संतुलन को सुधारने का एकमात्र रास्ता वृक्षारोपण ही है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण करने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा और पोषण की जिम्मेदारी भी हमें स्वयं उठानी होगी जब तक कि वह एक मजबूत वृक्ष न बन जाए। हर नागरिक से पौधे लगाने का आह्वान जिलाधिकारी ने जिले के सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, प्रबुद्ध वर्ग और आम नागरिकों से अपील की कि पर्यावरण दिवस के मौके पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और अपने बच्चों को भी प्रकृति से जोड़ें।