news-details

विश्व पर्यटन दिवस पर आयुर्वेद, एआई और विरासत संरक्षण पर मंथन

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। विश्व पर्यटन दिवस पर शनिवार को अंधरापुल स्थित होटल रिजेंसी में पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंटैक वाराणसी, टूरिस्ट गाइड्स एसोसिएशन और टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में आयुर्वेद, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), काशी की संगीत परंपरा और विरासत संरक्षण पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. नीरज खन्ना ने स्वास्थ्य पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए पर्यटन स्थलों पर पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक भोजन की उपलब्धता पर जोर दिया। बीएचयू साउथ कैंपस के सहायक प्रोफेसर डॉ. कौस्तव चटर्जी ने कहा कि पर्यटन में एआई उपयोगी है, लेकिन तकनीक के साथ मानवीय संवेदनाओं और स्थानीय गाइड की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।युवा संगीतकार अनूप मिश्रा ने काशी की समृद्ध संगीत परंपरा और घरानों के योगदान पर प्रकाश डाला। पीएस वेंकटरमन ने दक्षिण भारतीय धार्मिक परंपराओं और देवी त्रिकोण के महत्व की जानकारी दी। वहीं, वसंता कॉलेज के प्रोफेसर संजीव कुमार ने काशी की आस्था, आधुनिक विकास और डिजिटल नवाचार के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई।कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। शुरुआत अशोक कपूर के स्वागत संबोधन से हुई। संचालन जैनेन्द्र राय ने किया और नीलेश सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।