
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उच्च प्राथमिक विद्यालय मुंडेरा रतनपट्टी कंपोजिट में अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक संगठन रोटरी क्लब कुशीनगर द्वारा वन विभाग के सहयोग से भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार, शोभाकार एवं फलदार लगभग 50 पौधे ट्री-गार्ड के साथ लगाए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भदंत महेंद्र थेरो ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। वृक्ष केवल शुद्ध वायु ही नहीं देते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अजय कुमार सिंह ने कहा कि वन विभाग कुशीनगर के सहयोग से यह पौधारोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब समाजहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए लगातार सक्रिय है तथा आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन वाहिद अली ने किया।