
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों की बैठक के बाद कहा कि सपा कल से बूथ स्तर पर प्रचार अभियान शुरू करेगी। अगले दो सप्ताह में जिलाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा सरकार के कामकाज और जनसमस्याओं को जनता के बीच उठाएंगे।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अन्याय, बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी मतदाता सूची में होने वाले बदलावों पर नजर रखेगी।सपा अध्यक्ष ने पीडीए वर्ग के साथ कथित भेदभाव, पुलिस हिरासत में मौतों और कानून-व्यवस्था के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर कथित फर्जी मुठभेड़ों की जांच कराई जाएगी।उन्होंने किसानों की खाद, फसलों के उचित मूल्य और दूध के दाम से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख किया। बेरोजगारी को लेकर उन्होंने सरकार के रोजगार संबंधी दावों पर सवाल उठाए।अखिलेश यादव ने कहा कि सपा जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय के पक्ष में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, कस्बों और शहरों में पहुंचकर जनता से संवाद करने तथा चुनावी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।