news-details

विवाहिता की संदिग्ध मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS  सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के संत खेड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय उर्मिला पत्नी अनूप कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने मौत पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार, उर्मिला की शादी करीब तीन महीने पहले अनूप कुमार से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही हुई इस अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। मृतका अपने पीछे दो भाई और दो बहनें छोड़ गई हैं।घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। मृतका के भाई उमाकांत ने बताया कि उन्हें शुरुआत में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। उनके मुताबिक, ससुराल पक्ष ने फोन पर बताया था कि उर्मिला की तबीयत खराब हो गई है और उसे सफीपुर ले जाया जा रहा है, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना दे दी गई।परिजनों का कहना है कि उर्मिला को पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। उमाकांत ने बताया कि उनकी बहन अल्ट्रासाउंड कराने गई थी, जिसके बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।मायके पक्ष ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।