
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 21 जून को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में आयोजित होगा। इसमें करीब 500 से 600 लोग सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चलेगा।उन्होंने बताया कि इसके अलावा तहसील, नगर निकाय, विकासखंड, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, पंचायत भवन, अमृत सरोवर और स्टेडियम समेत अन्य स्थानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि योग को लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया जाए।बैठक में योग स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टर, दवाएं और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने को कहा गया।बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, सीडीओ पूजा साहू समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।