news-details

यूपी बोर्ड केंद्र निर्धारण पर सख्ती

You can share this post!

 148 स्कूलों की 171 आपत्तियों पर सुनवाई

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। आगामी यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की मौजूदगी में परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक हुई। इसमें 148 विद्यालयों की ओर से दर्ज कराई गई 171 आपत्तियों पर सुनवाई की गई। हालांकि, आपत्तियों पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शासन और माध्यमिक शिक्षा परिषद के मानकों के अनुसार होगा। केंद्र बनने वाले विद्यालयों में मजबूत बाउंड्रीवाल, क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षित स्ट्रांग रूम, पर्याप्त कक्ष और अन्य जरूरी सुविधाएं होनी चाहिए। प्रस्तावित केंद्रों का भौतिक एवं सुरक्षा सत्यापन भी कराया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि संदेहास्पद, विवादित, डिबार और ब्लैकलिस्टेड विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। पहली बार केंद्र बनने वाले विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य होगा। केंद्र बनने में असमर्थता जताने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को नजदीकी उपयुक्त केंद्र पर परीक्षा दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।डीएम ने चेतावनी दी कि केंद्र निर्धारण में पक्षपात, लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक सहित समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।