
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। पश्चिमी यूपी के बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल और बिजनौर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे पहले कई जगहों पर तेज धूलभरी आंधी चली और दिन में ही अंधेरा छा गया।बरेली में करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे सड़क किनारे लगे यूनीपोल उखड़ गए और कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में क्रेन की मदद से मलबा हटाया गया।मुरादाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी तेज बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। अमरोहा और संभल में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई।मौसम विभाग ने आज 38 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर ओले गिरने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। 14 मई से तापमान में तेज बढ़ोतरी की संभावना है और गर्मी फिर अपने चरम पर पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।पूर्वी यूपी में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत साफ और गर्म बना हुआ है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में बारिश और आंधी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।