news-details

यूपी पुलिस अभ्यर्थी को बाइक से टक्कर

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। कस्बा महरौनी में अदालत से लौट रही एक युवती को कथित रूप से बाइक से टक्कर मारने, मारपीट करने और मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली महरौनी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुराना सौजना रोड निवासी रेशमा बानो पुत्री यासीन खां ने बताया कि वह 9 जून को अपनी मां हज्जों के साथ न्यायालय गई थी। वहां से मुकदमे की अगली तारीख लेकर दोनों पैदल घर लौट रही थीं। आरोप है कि महरौनी रोड पर पहुंचने के दौरान पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। पीड़िता का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते अनीस खां ने मोटरसाइकिल से उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई और उसे चोटें आईं। आरोप है कि बाइक पर असलम खां भी सवार था। घटना के बाद दोनों ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने पीडि़ता पर चल रहे मुकदमों को वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों का ध्यान घटना की ओर गया, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए। रेशमा बानो ने पुलिस को बताया कि घटना के अगले दिन उसकी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा झांसी में निर्धारित थी। परीक्षा में शामिल होने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकी। परीक्षा देकर लौटने के बाद उसने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अनीस खां और असलम खां के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाने, चोट पहुंचाने तथा आपराधिक धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।