
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढ़ीन में 19 वर्षीय युवक रोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पास के गांव के कुछ लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, रोहित गांव के बाहर तिराहे पर अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान पुराने लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद रोहित घर पहुंचा और वहां रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक की मौत की खबर मिलते ही महाराष्ट्र में काम कर रहे उसके पिता जितेंद्र भी घर लौट आए। रोहित अपने दो भाइयों में बड़ा था।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।