news-details

111 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 25 लाख रुपये बताई गई कीमत

You can share this post!


पारदर्शी विकास  औरैया। जनपद औरैया में गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 111 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस सफलता से मोबाइल खो चुके लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना/साइबर के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में साइबर पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और भारत सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 111 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस दिलाने की प्रक्रिया के तहत 6 नवंबर 2026 को संबंधित मोबाइल धारकों को सूचना देकर मोबाइल प्राप्त कराए जा रहे हैं। करीब 25 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन की बरामदगी को पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक औरैया ने आमजन से अपील की कि अपने मोबाइल फोन में प्ले-स्टोर से 'संचार साथी' ऐप डाउनलोड करें, जिससे मोबाइल खोने की स्थिति में आवश्यक सुविधाओं और सूचनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर उसकी बिल रसीद, IMEI नंबर, आधार कार्ड एवं अन्य पहचान पत्र के साथ अपने स्थानीय थाने में पहुंचकर CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सके। मोबाइल फोन बरामदगी अभियान में निरीक्षक राजीव कुमार, प्रभारी साइबर थाना/साइबर सेल, अपनी टीम के साथ तथा उपनिरीक्षक हेमन्त चौधरी, साइबर थाना मय हमराह पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।औरैया पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिनके मोबाइल फोन लंबे समय से गुम थे। पुलिस की इस उपलब्धि की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।