
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज की 14 वर्षीय तैराक शताक्षी प्रजापति ने यमुना नदी पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नैनी की मायापुरी कॉलोनी निवासी शताक्षी ने महेवा घाट पर कोच मोनू निषाद के मार्गदर्शन में महज 14 मिनट 30 सेकेंड में यमुना नदी पार कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।सेम स्टार ग्लोबल स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा शताक्षी पढ़ाई के साथ-साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी भी कर रही हैं। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने नियमित अभ्यास और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की। वह लंबे समय से महेवा घाट पर तैराकी का प्रशिक्षण ले रही थीं।शताक्षी के पिता सुरेंद्र नाथ प्रजापति इलाहाबाद हाईकोर्ट में निजी सचिव हैं, जबकि उनकी मां नूतन प्रजापति समाजसेवा से जुड़ी हैं और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देती हैं। बेटी की उपलब्धि पर परिवार ने गर्व जताया है।कोच मोनू निषाद ने कहा कि शताक्षी मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं। यदि उन्हें बेहतर अवसर और निरंतर प्रशिक्षण मिलता रहा, तो वह राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उनकी सफलता पढ़ाई और खेल में संतुलन बनाकर आगे बढ़ने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा है।