news-details

20 से अधिक कोचिंग और लाइब्रेरी पर कार्रवाई, मानक पूरे न मिलने पर सीलिंग की चेतावनी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ में हुए कोचिंग अग्निकांड के बाद गोंडा जिले में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। जिले की चारों तहसीलों में प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।इसी क्रम में करनैलगंज की एसडीएम नेहा मिश्रा ने करनैलगंज, परसपुर और कटरा बाजार क्षेत्र में संचालित 20 से अधिक कोचिंग और लाइब्रेरी संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में सभी संस्थान सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे। एसडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मानक पूरे न होने पर संस्थानों को सील करने की चेतावनी दी गई है।निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं मिला। अग्निशमन विभाग से अनुमति भी नहीं ली गई थी। कई संचालक नगर पालिका से नक्शा पास होने संबंधी दस्तावेज भी नहीं दिखा सके। इसके अलावा इलेक्ट्रिकल उपकरणों की जांच और सर्विसिंग की जानकारी भी उपलब्ध नहीं थी।अधिकारियों ने पाया कि कई संस्थानों में आने-जाने के लिए सिर्फ एक ही गेट था। एसडीएम ने अलग प्रवेश और निकास द्वार के साथ आपातकालीन गेट बनाने के निर्देश दिए।बालाजी लाइब्रेरी और संकल्प लाइब्रेरी समेत कई संस्थानों की जांच की गई। एसडीएम ने बताया कि एक सप्ताह बाद दोबारा निरीक्षण होगा। नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।