
बहन कु.मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में गुरुवार को सिविल लाइन स्थित जिला पार्टी कार्यालय पर झांसी मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में झांसी, जालौन एवं ललितपुर जनपद के पदाधिकारियों एवं विधानसभा प्रभारियों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पार्टी सुप्रीमो सुश्री मायावती के संगठनात्मक निर्देशों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया। बैठक की शुरुआत बसपा के वरिष्ठ नेता एवं रसड़ा (बलिया) विधानसभा से विधायक रहे ठाकुर उमाशंकर सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ हुई। मुख्य अतिथि झांसी एवं चित्रकूट मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी विक्रम सिंह जाटव (आगरा) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में चित्रकूट एवं झांसी मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार तथा झांसी मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी मानवेंद्र सिंह पटेल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने कहा कि वर्ष 2027 में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से दोनों हाथ उठवाकर संकल्प दिलाया कि वे तन, मन और धन से पार्टी को मजबूत करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे। वक्ताओं ने कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बेहतर कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दी गई। अंबेडकर ग्राम योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास कराया गया। उन्होंने दावा किया कि बसपा सरकार ने लाखों युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया तथा समाज के सभी वर्गों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कीं। मुख्य अतिथियों ने बहुजन महापुरुषों के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि आज समाज में जो जागरूकता और राजनीतिक भागीदारी दिखाई दे रही है, वह उनके त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व राज्य मंत्री जगदीश प्रसाद प्रजापति, मंडल प्रभारी रविकांत मौर्य, धीरेन्द्र चौधरी, मुन्ना पाली, दीपक कुमार, रामसिंह कुशवाहा, मिथलेश पाल, मोहम्मद वाजिद हुसैन, संतोष राज वर्मा, शैलेंद्र शिरोमणि, जगजीवन अहिरवार, बृजभूषण कुशवाहा, कैलाश पाल, जयपाल अहिरवार, गगन बिहारी एड., राकेश कुशवाहा, अमित भारती, जयप्रकाश कुशवाहा, अनीश राइन, अमित वर्मा, झांसी जिलाध्यक्ष बी.डी. फूले, जालौन जिलाध्यक्ष बृजेश जाटव, ललितपुर जिलाध्यक्ष जानकी प्रसाद बौद्ध सहित तीनों जनपदों के अनेक विधानसभा प्रभारी, पदाधिकारी, मातृशक्ति की प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन दीपक कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जानकी प्रसाद बौद्ध ने की।