news-details

22 नवंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 5.96 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य

You can share this post!

 

 

बूथ दिवस के बाद 23 से 27 नवंबर तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम, मेलों और पोलिंग सेंटरों पर भी लगेंगे विशेष टीकाकरण कैंप

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। जनपद में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए 22 नवंबर से पल्स पोलियो एस.एन.आई.डी. अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत 22 नवंबर को बूथ दिवस मनाया जाएगा, जबकि 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके अलावा 30 नवंबर को भी निर्धारित गतिविधियां संचालित की जाएंगी।अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अंतर-विभागीय समन्वय बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए माइक्रोप्लान के अनुसार टीमें तैनात करने और नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। जागरूकता बढ़ाने के लिए प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की प्रभात फेरियां निकालने और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष टीकाकरण टीमों की तैनाती के निर्देश दिए। मेले, हाट-बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आने वाले परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए निर्धारित विशेष तिथियों पर पोलिंग सेंटरों में भी टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे, ताकि वहां पहुंचने वाले अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिला सकें।बैठक में बताया गया कि अभियान की तैयारियों के तहत एक से 14 नवंबर तक माइक्रोप्लान अपडेट किया जाएगा। 16 नवंबर तक जनपद स्तर पर माइक्रोप्लान पूरा करने का लक्ष्य है। वैक्सीनेटर और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 20 नवंबर तक तथा सामाजिक जागरूकता गतिविधियां 21 नवंबर तक पूरी की जाएंगी।

 

पिछले अभियान में 5.67 लाख बच्चों को मिली थी खुराक
पोलियो एनआईडी जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार जनपद में पांच वर्ष तक के कुल 5,96,359 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष 5,67,617 बच्चों को खुराक पिलाई गई। इस दौरान 5,83,128 घरों को कवर किया गया था। अभियान के संचालन के लिए 1,593 बूथ, 1,042 घर-घर टीमें, 324 सुपरवाइजर, 54 ट्रांजिट टीमें और 25 मोबाइल टीमें लगाई गई थीं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी देते हुए सभी सहयोगी विभागों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दूरस्थ क्षेत्रों, मलिन बस्तियों, निर्माण स्थलों और ऐसे इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जहां बच्चों के छूटने की आशंका रहती है। प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और विभिन्न सहयोगी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।