
PARDARSHI VIKASH NEWS फतेहाबाद के ग्राम पंचायत चमरौली के उपग्राम गढ़ी गुसाई निवासी सूरज सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गांव की करीब 400 वर्ष पुरानी ग्राम समाज की पोखर (तालाब) को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।सूरज सिंह का आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने तालाब के आसपास मिट्टी डालकर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे रास्ते, नालियां और खड़ंजे बाधित हो गए हैं। कब्जे के कारण बारिश का पानी आसपास के घरों और रास्तों में भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों के अनुसार जलभराव के चलते स्कूल, कॉलेज और खेतों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।सूरज सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने ग्राम प्रधान और लेखपाल पर कब्जाधारकों से मिलीभगत का आरोप भी लगाया है।मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने तालाब को कब्जामुक्त कराकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।