news-details

आग की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए 7 ब्लॉकों में नए अग्निशमन केंद्रों की तैयारी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले में आग लगने की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन ने नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। अब जिला मुख्यालय और तहसील स्तर के बाद ब्लॉक स्तर पर भी अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। शासन के निर्देश पर जिले के सात ब्लॉकों में नए फायर स्टेशन खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।इस योजना के तहत सभी उप जिलाधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में जिले में केवल जिला मुख्यालय के साथ बीकापुर, मिल्कीपुर और रुदौली तहसीलों में ही स्थायी अग्निशमन केंद्र संचालित हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों तक मदद पहुंचने में देरी होती है।ग्रामीण इलाकों में आग लगने की घटनाओं के दौरान दमकल वाहनों को दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंचने में अधिक समय लगता है, जिससे किसानों की फसलें, घर और अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान होता है।इसी समस्या को देखते हुए मसौधा, मया बाजार, पूरा बाजार, हैरिंग्टनगंज, अमानीगंज, तारुन और मवई ब्लॉकों में नए अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है। प्रत्येक केंद्र के लिए लगभग 4184 वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता निर्धारित की गई है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि चयनित भूमि ग्राम पंचायत की हो और मुख्य सड़क के पास स्थित हो, ताकि आपात स्थिति में दमकल वाहन तुरंत घटनास्थल तक पहुंच सकें।मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी के अनुसार कुछ क्षेत्रों में भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि अन्य ब्लॉकों में भी प्रशासन लगातार उपयुक्त स्थानों की तलाश में जुटा हुआ है।प्रशासन का मानना है कि इन नए फायर स्टेशनों की स्थापना से आग की घटनाओं पर तेजी से नियंत्रण पाया जा सकेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।