
PARDARSHI VIKASH NEWS मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा पहुंचे, जहां खेरिया एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने आयुक्त सभागार में लोक निर्माण विभाग (PWD) की परियोजनाओं, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की तैयारी की।बैठक में आगरा, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री का विशेष फोकस लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं, नए प्रस्तावों और समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा कराने पर रहेगा। साथ ही चुनाव से पहले विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण की रणनीति पर भी चर्चा होगी।बैठक में आगरा मेट्रो परियोजना, छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय, खेरिया सिविल एन्क्लेव सहित 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सड़क, पुल और भवन निर्माण परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। मुख्यमंत्री इन योजनाओं की समीक्षा के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंडलायुक्त कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट समीक्षा बैठक के लिए तैयार कर ली गई है।