
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के छाता विधानसभा क्षेत्र स्थित नगला बंजारा गांव आज भी पक्की सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। करीब 200 मतदाताओं वाले इस गांव में आजादी के बाद से अब तक कोई पक्की सड़क नहीं बन सकी है। ग्रामीणों को रोजाना कीचड़ और गड्ढों से भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क न होने का सबसे अधिक असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान रास्ते इतने खराब हो जाते हैं कि बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पाते और कई बार फिसलकर घायल भी हो जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।ग्रामीणों की शिकायत के बाद चौमुहा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि गांव में सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। वहीं चतर सिंह, प्रभु, देवी राम, भगवती, देवा, इमरती, सुभाष, किरण, नीरज, चरण सिंह, बंटी, सुरेश, सुनील, संजय, विनोद, दिनेश, नरेश दूधिया और विमलेश सहित कई ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए जल्द पक्की सड़क बनाई जाए, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधाएं बेहतर हो सकें तथा गांव का समग्र विकास संभव हो सके।