
PARDARSHI VIKASH NEWS नवाबगंज क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित राम निहोर पुरवा में शुक्रवार देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छत में दरारें पड़ गईं और मलबा गिरने से आठ वर्षीय बालक तथा एक बुजुर्ग महिला घायल हो गए। साथ ही घर में लगे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल गए।पीड़ित रामतीरथ यादव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे उनका परिवार घर के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली मकान की छत पर गिरी। बिजली गिरने से छत में दरारें आ गईं और ईंट-गिट्टी के टुकड़े नीचे गिरने लगे। मलबे की चपेट में आने से उनके आठ वर्षीय पुत्र उत्कर्ष यादव और उनकी मां सुमित्रा देवी घायल हो गईं।घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। बिजली गिरने से चार बल्ब, एक पंखा, मोबाइल चार्जर और बिजली की केबिल जल गई। तारों से धुआं निकलने लगा, जिससे परिवार के लोग दहशत में आ गए।सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल ओमप्रकाश वर्मा मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।