
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव करते हुए विधानमंडल दल की पूर्व नेता आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके साथ सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से नियुक्तियों संबंधी पत्र जारी किया गया, जो देर रात सोशल मीडिया पर सामने आया। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने इन नियुक्तियों के जरिए महिलाओं, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। नई नियुक्तियों से प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।