
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आर्य शाखा की कार्यशाला रविवार को गोविंद नगर स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। कार्यशाला में संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। शाखा अध्यक्ष ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन के उद्देश्य और कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।कार्यशाला के दौरान परिषद के लक्ष्य एवं उद्देश्य, संपर्क गतिविधि, संस्कार गतिविधि, सदस्यता अभियान, परिषद की वेबसाइट और मोबाइल एप के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न गतिविधियों के लिए सदस्यों का दायित्व निर्धारण भी किया गया।दूसरे सत्र में सेवा कार्य, महिला सहभागिता, वित्तीय प्रबंधन एवं पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण और कार्यक्रमों के संचालन की प्रक्रिया जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भागीदारी, पारदर्शिता और अनुशासित कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में मुक्त चिंतन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। शाखा अध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के विस्तार और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का आह्वान किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।