
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), कानपुर दक्षिण किदवई नगर इकाई द्वारा लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन किदवई नगर स्थित फाउंटेन पार्क में किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर उपस्थित अभाविप कार्यकर्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन चरित्र और उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं प्रशासनिक कार्यों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर न्यायप्रिय, धर्मपरायण और लोककल्याणकारी शासिका थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में शिक्षा, व्यापार, मंदिरों के पुनर्निर्माण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि काशी विश्वनाथ से लेकर सोमनाथ तक मंदिरों के जीर्णोद्धार और घाटों के निर्माण जैसे कार्य उनकी दूरदर्शिता और जनसेवा भावना को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता का प्रेरणादायक उदाहरण है।अभाविप कानपुर दक्षिण के संगठन मंत्री रामजी ने अपने संबोधन में कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने यह सिद्ध किया कि नारी शक्ति प्रशासनिक दक्षता और करुणा का अद्भुत संगम हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।इस अवसर पर नगर मंत्री कुशल मिश्र सहित वंश सिंह, रुद्राक्ष दीक्षित, अभिषेक समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
