
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। खड्डा विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेकानंद पांडेय ने रविवार को विभिन्न ग्राम सभाओं का दौरा कर भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित युवाओं को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके परिजनों से मिलकर उनका भी उत्साहवर्धन किया।विधायक ने ग्राम सभा भुजौली में जवाहिर जायसवाल के पुत्र सतीश जायसवाल, ग्राम सभा कोप जंगल में महन्थी राजभर के पुत्र सन्नी राजभर तथा ग्राम सभा हनुमानगंज में गोरख जायसवाल के पुत्र राजकुमार जायसवाल से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।इस अवसर पर विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि खड्डा विधानसभा के युवाओं का अग्निवीर के रूप में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। भारतीय सेना में सेवा करना हर युवा के लिए गौरव का विषय है और चयनित युवाओं को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं साहस के साथ देश की सेवा करनी चाहिए।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन युवाओं की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी। विधायक ने चयनित युवाओं के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कार, मार्गदर्शन और सहयोग ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।विधायक ने सभी चयनित अग्निवीरों के स्वस्थ, सुरक्षित और सफल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा देकर खड्डा, कुशीनगर, उत्तर प्रदेश और पूरे देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खड्डा क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही अवसर और निरंतर प्रयास की है।
