
PARDARSHI VIKASH NEWS नई दिल्ली। INDIA ब्लॉक की अहम बैठक से पहले दिल्ली के अकबर रोड पर कांग्रेस के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। इन पोस्टरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर के साथ आलोचनात्मक संदेश लिखे गए हैं। एक पोस्टर पर NCP-SCP प्रमुख शरद पवार की तस्वीर के साथ राहुल गांधी पर “कंसिस्टेंसी की कमी” का आरोप लगाया गया है।आज दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में INDIA ब्लॉक की बैठक होनी है, जिसमें करीब 23 विपक्षी दलों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। बैठक में लोकसभा और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा की जाएगी।बैठक से पहले कई प्रमुख विपक्षी नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और अन्य नेता बैठक में शामिल होने के लिए राजधानी में मौजूद हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं।हालांकि गठबंधन के भीतर मतभेद भी खुलकर सामने आ रहे हैं। AAP और DMK ने बैठक से दूरी बनाई है, जबकि कुछ दलों ने कांग्रेस के रवैये पर नाराजगी जताई है। CPI(M) और अन्य वाम दलों ने भी आपसी सम्मान और विश्वास को लेकर सवाल उठाए हैं।वहीं भाजपा ने INDIA ब्लॉक पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह गठबंधन अब प्रभावहीन हो चुका है और इसमें एकजुटता का अभाव है। दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि विपक्ष देश की मौजूदा समस्याओं के खिलाफ एकजुट हो रहा है।बैठक में आगामी चुनावी रणनीति, नेतृत्व और गठबंधन की एकता जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।