
जनसेवक पवन दूबे की पहल पर आयोजित रोजगार मेले में 10 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया चयन
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। विकास खंड नेबुआ नौरंगिया के नौरंगिया ग्राम सभा स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर शिक्षाविद एवं जनसेवक पवन दूबे के नेतृत्व में विशाल रोजगार मेला एवं महाभर्ती अभियान का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के हजारों युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।आयोजकों के अनुसार रोजगार मेले में 1866 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से साक्षात्कार के आधार पर 1148 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में रिलायंस मार्ट, टीवीएस, जेप्टो, अमेरिकोप, डिस्पोसेफ, रोटोस्टार, एटम वन, पॉली रब, बंसल वायर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड सहित 10 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।ईयू ग्रुप के चेयरमैन विजय प्रताप सिंह ने प्री-इंटरव्यू सत्र में बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को बीमा, पीएफ, न्यूनतम दर पर आवास एवं भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।जनसेवक पवन दूबे ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक युवा को रोजगार उपलब्ध कराना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार से परिवारों की आय बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर वेतनमान एवं अन्य सुविधाओं के साथ रोजगार मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल रहा। अंत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिवस केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।