
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद ककवा रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के पास भारी जलभराव हो गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़क से निकलकर आसपास के घरों तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे पानी में छिप गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है।जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। कई घरों के बाहर पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय निवासी राहुल, पंकज, पुनीत, पूजा, बृजलाल मौर्य, विजय अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, रोशन, अखिलेश मौर्य, सूरज यादव और पवन वर्मा ने बताया कि बरसाती पानी लगातार घरों की ओर बढ़ रहा है, जिससे नुकसान की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की लापरवाही और अधूरे सड़क निर्माण के कारण हर बारिश में यह समस्या विकराल रूप ले लेती है।क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, सड़क के गड्डों की मरम्मत कराने और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर ओ.पी. यादव ने बताया कि उन्हें समस्या की जानकारी मिल गई है। विभाग की टीम जल्द मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था कराएगी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है।