news-details

अधूरा पड़ा अमृत सरोवर, ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा करने की मांग की

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

सोहावल तहसील के नगर पंचायत खिरौनी में केंद्र सरकार की अमृत सरोवर योजना के तहत करीब 2.18 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। परियोजना का शुभारंभ 16 मार्च 2024 को हुआ था और इसे 15 मार्च 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन अब तक कार्य रुक गया है।

इस योजना की कार्यदायी संस्था सीएनडीएस उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय अयोध्या है। परियोजना के अंतर्गत अंडरग्राउंड पाइपलाइन, इंटरलॉकिंग पथवे, ओपन जिम, लाइटिंग और अन्य सुविधाएं विकसित की जानी थीं। फिलहाल केवल सरोवर की खुदाई और सीवेज सफाई टैंक का निर्माण ही हो सका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सीवर लाइन का काम अधूरा छोड़ दिए जाने से कई स्थानों पर गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं, जिनमें पानी जमा होकर सड़ रहा है। इससे गंदगी फैल रही है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को बारिश के मौसम में जलभराव और निकासी की समस्या का भी डर है।

परियोजना प्रबंधक ने बताया कि बजट स्वीकृत न होने के कारण काम रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द बजट जारी कर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।