
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या में राम मंदिर के प्रथम तल पर विराजित राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ इस बार विशेष परिस्थितियों में मनाई जाएगी। पिछले वर्ष 5 जून 2025 को गंगा दशहरा और ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा हुई थी, लेकिन इस वर्ष अधिक मास के कारण तिथियों को लेकर असमंजस बना हुआ था। धार्मिक मान्यताओं और निर्णय सिंधु के आधार पर ज्येष्ठ अधिक मास की दशमी तिथि यानी 26 मई को गंगा दशहरा मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी के अनुरूप श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम दरबार की प्रथम वर्षगांठ भी 26 मई को मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव के अनुसार इस अवसर पर भगवान का अभिषेक पूजन, विशेष श्रृंगार, महाआरती और 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। वहीं राम मंदिर परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर के शिखर पर 29 मई को ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा, जिसमें साध्वी ऋतम्भरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।