
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में परिसर की सुरक्षा को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित आगंतुक निगरानी एवं प्रबंधन प्रणाली की शुरुआत की गई है। यह नई व्यवस्था मुख्य प्रवेश द्वार (गेट नंबर-01) पर स्थापित की गई है, जिससे परिसर में आने-जाने वाले सभी आगंतुकों पर डिजिटल निगरानी रखी जा सकेगी।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रणाली को फिलहाल एक माह के परीक्षण (ट्रायल) के तौर पर लागू किया गया है। इस दौरान इसकी कार्यक्षमता, सुरक्षा स्तर और उपयोगिता का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके सफल रहने पर इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा।नई स्मार्ट एंट्री सिस्टम के जरिए हर आगंतुक का डेटा डिजिटल रूप से दर्ज होगा, जिससे अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत होगी।प्रशासन ने सभी छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों से अपील की है कि वे सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करें, ताकि यह नई तकनीक आधारित व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।