
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक ने पुलिस जांच शुरू होने के बाद अपना फेसबुक पोस्ट हटा दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान इटियाथोक थाना क्षेत्र के गिलौली ग्राम पंचायत निवासी पंडित शंकर दत्त शुक्ल के रूप में हुई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक किसी निजी भूमि विवाद को लेकर नाराज था। उसका आरोप है कि वह पूर्व सांसद से संपर्क करना चाहता था, लेकिन बात नहीं हो पाने से गुस्से में उसने आपत्तिजनक और धमकी भरा पोस्ट सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस की कार्रवाई शुरू होने के बाद उसने पोस्ट डिलीट कर दिया और अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।फोन पर बातचीत में शंकर दत्त शुक्ल ने कहा कि गुस्से में उससे गलती हो गई और वह अपने बयान के लिए माफी मांगता है। वहीं, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें इस तरह की धमकियां मिलती रहती हैं और ऐसे मामलों में पुलिस एवं जिला प्रशासन को कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित व्यक्ति का उन्हें कोई फोन प्राप्त नहीं हुआ था।फिलहाल नगर कोतवाली और इटियाथोक थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा सोशल मीडिया पर दी गई धमकी के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।