
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया
देवरिया कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैंकर्स के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न वित्तपोषित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देश दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करते हुए पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन हो, ताकि लाभार्थी स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक घरों में सोलर पैनल स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर पैनल लगवाएं। इससे बिजली बिल में बचत होगी, साथ ही स्वच्छ एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की सुविधा भी प्राप्त होगी। बैठक में केसीसी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, एक जनपद एक उत्पाद, जिला माटीकला योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंक क्रेडिट लिंकेज, वित्तीय समावेशन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना सहित विभिन्न वित्तपोषित योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) अनुपात बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक आर एस प्रेम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एस एन प्रसाद, उपनिदेशक कृषि सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, उपायुक्त उद्योग एस सिद्दकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी बैंकर्स उपस्थित रहे।मुख्य विकास अधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत दस हजार युवाओं को जोड़ते हुए उन्हें योजना से लाभान्वित किया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर एक ब्यूटी पार्लर, एक सिलाई सेंटर एवं एक ई-रिक्शा उपलब्ध कराने की दिशा में बैंकर्स कार्य करें। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक नगर पंचायत में एक फोटो स्टूडियो स्थापित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। ई-रिक्शा संचालन के इच्छुक व्यक्तियों से उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति आवश्यक जानकारी के लिए सीधे उनके माबोइल नम्बर 9454464859 भी संपर्क कर सकते हैं।