
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया सलेमपुर। क्षेत्र के बभनौली पांडेय गांव में बार-बार विद्युत तार टूटने की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने युवा समाजसेवी मनोज पांडेय के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगे विद्युत तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। स्थिति यह है कि महीने में दस से अधिक बार तार टूटकर गिर जाते हैं, जिससे न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होती है बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। रविवार रात भी बिजली आपूर्ति शुरू होते ही तार टूटकर गिर गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। लाइनमैन द्वारा मरम्मत के बाद कुछ समय के लिए आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर तार टूट गया।ग्रामीणों की शिकायत पर देहात क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) से वार्ता हुई। जेई ने आश्वासन दिया कि अगले महीने गांव के पुराने तारों को बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।इस अवसर पर मनोज पांडेय ने कहा कि सलेमपुर-चेरो मार्ग पर स्थित गांव में लगे विद्युत तार अत्यंत जर्जर हो चुके हैं और कई बार मुख्य सड़क पर गिर चुके हैं। यदि समय रहते इन्हें नहीं बदला गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जनहित में तत्काल तार बदलने की मांग की।वहीं युवा नेता नीरज पांडेय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गांव के जर्जर विद्युत तार और पोल शीघ्र नहीं बदले गए तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य राधारमण कुशवाहा, संतोष यादव, शिवम पांडेय, प्रिंस पांडेय गोल्डेन, हैपी पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।