news-details

बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

कुशीनगर। जनपद में बाढ़ एवं आपदा की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राप्त हो रही सूचनाओं, उनके अभिलेखीकरण तथा संबंधित विभागों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था का जायजा लिया।डीएम ने निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम में आने वाली प्रत्येक सूचना को निर्धारित रजिस्टर में तत्काल एवं स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी सूचना को लंबित न रखा जाए और जरूरत के अनुसार संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय से सूचना उपलब्ध कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने बैराजों से हो रहे डिस्चार्ज की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। जलस्तर अथवा डिस्चार्ज में किसी भी तरह का परिवर्तन होने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रखने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के समय सूचनाओं का त्वरित, सटीक और समयबद्ध आदान-प्रदान बेहद महत्वपूर्ण होता है। कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिक पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में सूचना मिलते ही संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिकों से प्राप्त सूचनाओं तथा उनके आधार पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बाढ़ अथवा किसी भी आपदा से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल उपरोक्त नंबरों पर जानकारी दें, ताकि समय से आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

आपदा संबंधी सूचना एवं सहायता के लिए संपर्क:
आपदा कंट्रोल रूम: 05564-240590
टोल फ्री नंबर: 1077