
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। यूपी TET-2026 के पहले दिन गुरुवार दोपहर 2:30 बजे दूसरी पाली की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शहर के 32 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की सख्त निगरानी में परीक्षा कराई गई। दूसरी पाली में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन, मेटल डिटेक्टर से जांच और दस्तावेजों का मिलान किया गया। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।सुबह 9:30 बजे से 12 बजे तक चली पहली पाली की परीक्षा भी शांतिपूर्ण रही। परीक्षा के बाद बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि विज्ञान के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन रहे, जबकि अन्य विषयों का स्तर सामान्य था।कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सख्त तलाशी ली गई। रुमाल तक निकलवाकर जांच की गई, महिला अभ्यर्थियों के बाल खुलवाकर और पुरुष अभ्यर्थियों की बेल्ट उतरवाकर जांच की गई। प्रवेश से पहले प्रवेश पत्र और आधार कार्ड का मिलान, फिर मेटल डिटेक्टर जांच और उसके बाद बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।पहले दिन दोनों पालियों में कुल 70,317 में से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि हजारों अनुपस्थित रहे। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कानपुर के 32 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा कराई जा रही है।