news-details

भांजे का विवाद सुलझाने गए मामा की चाकू मारकर हत्या, अस्पताल के बाहर वारदात

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Gonda

भांजे का झगड़ा सुलझाने गए मामा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना धानेपुर थाना क्षेत्र के बग्गी रोड स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर रविवार देर रात की है। मृतक आनंद पांडेय (40) खाद विक्रेता थे और अपने भांजे के विवाद को शांत कराने पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, आनंद पांडेय का भांजा सत्यप्रकाश शुक्ला अस्पताल में वार्ड बॉय है। उसका सहकर्मी अनुपम शुक्ला से काम को लेकर विवाद हो गया था, जो व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू होकर अस्पताल के बाहर मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने अपने-अपने परिजनों को भी मौके पर बुला लिया।

झगड़ा बढ़ने पर आनंद पांडेय बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान मारपीट तेज हो गई। आरोप है कि अनुपम शुक्ला ने अस्पताल से चाकू लाकर आनंद के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आनंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भांजे की तहरीर पर अनुपम शुक्ला, अस्पताल संचालक समेत पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।