
जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में प्राकृतिक खेती और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान पर दो दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न, विकास प्रदर्शनी का समापन हुआ
दस किसानों को दिए गए श्री अन्न के मिनी किट
संजीव भारती/ललित कुमार अमेठी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नई सोच पर आधारित दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का समापन शुक्रवार को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में हुआ। दूसरे दिन प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में कार्यशाला में शामिल हुईं। उन्होंने किसानों की समृद्धि और खेती और कृषि उत्पाद आधारित व्यापार की चुनौतियों से निपटने के लिए किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी, साथ ही केन्द्र सरकार की ओर से किसानों के हित के लिए संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।बाद विकास, महिला कल्याण और पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।दस किसानों को श्री अन्न-बाजरा के बीज किट और दो प्रगतिशील किसानों को अनुदान पर दिए गए ट्रैक्टरों की चाभियां भी प्रदान की।
प्रभारी मंत्री ने हे ग्राम देवता नमस्कार, सोने चांदी से नहीं किंतु मिट्टी से तूने किया प्यार ----पंक्तियों के साथ अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए 2014से अब तक किसानों को हित में केन्द्र सरकार की सभी योजनाओं का उल्लेख किया, कहा कि खेती में रसायन और कीटनाशकों के प्रयोग ने फसलों का स्वाद बिगाड़ दिया है। सब्जियों और भोजन में अब पहले जैसा स्वाद नहीं रहा। भोजन में पहले जैसा स्वाद वापस लाने और मिट्टी और मनुष्य के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए किसान भाई प्राकृतिक खेती अपनाएं और श्री अन्न-मोटे अनाजों का उत्पादन करें। इससे किसानों को अपने फसल उत्पाद मार्केट में बेचने में कोई समस्या नहीं आएगी।उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने किसानों को खरीफ अभियान और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान भाई निशुल्क दर्शन -1पोर्टल पर बुकिंग कराएं,मोटे अनाजों के बीज उन्हें आसानी से मिल जायेंगे। कार्यशाला का संचालन डॉ रमेश सिंह ने किया।कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक सर्वानन टी,जिला कृषि अधिकारी राजेश यादव, सी एस मो डा अंशुमान सिंह मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा गोपाल कृष्ण शुक्ल, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव,डी पी आर ओ मनोज कुमार त्यागी, उद्यान निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, तकनीकी सहायक फूल चंद, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित, जिला प्रवक्ता चंद्रमौलि सिंह , प्रशांत शुक्ल आदि मौजूद रहे।

प्रकृति की ओर लौटें किसान -डी एम
कार्यशाला में डी एम संजय चौहान ने कहा कि पिछले 15वर्षो में भारत खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर हुआ है। जनसंख्या वृद्धि दर को पछाड़ कर खाद्यान्न वृद्धि दर आगे हो गई है। भारत का सकल घरेलू कृषि उत्पादन 300मिलियन मैट्रिक टन हो गया है। जनसंख्या के सापेक्ष खाद्यान्न उत्पादन तीन गुना बढ़ चुका है,फिर भी खेती में रसायनों और कीटनाशकों के प्रयोग ने मृदा एवं मानव स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी की है। कीटनाशकों की अधिक मात्रा का प्रयोग होने से जापान और कोरिया और यूरोपीय देशों ने भारत से आम के आयात को रोक दिया है। किसान भाइयों को प्रकृति की ओर लौट कर प्राकृतिक खेती करना होगा तभी इन नयी चुनौतियों से निपटा जा सकता है।

पीड़ित को न्याय का भरोसा दिया
बालीपुर डुडिया में एक लेखपाल अपने चचेरे भाईयों के हिस्से की जमीनों के साथ ग्राम समाज के खाते की जमीनों पर दबंगई से अवैध निर्माण कर रहा है। शिकायत करने पर उसने अपने चचेरे भाई चंद्र भूषण तिवारी को जान से मारने की धमकी दी है, चंद्र भूषण तिवारी अवैध निर्माण रोकने और दुबारा टीम गठित करके निष्पक्ष पैमाइश कराने के लिए दस दिन से दौड़ रहा है। तहसील के अधिकारी मौके पर जाने को तैयार नहीं है।नायब तहसीलदार अजय कुमार सिंह ने एस डी एम के आदेश पर कार्रवाई करने के बजाय लेखपाल विकास तिवारी को अपने आवास पर बुलाकर बातचीत और मामले को दबा दिया। पीपरपुर की पुलिस मौके पर गई परन्तु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। शुक्रवार को पीड़ित न्याय के लिए प्रभारी मंत्री के पास गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने प्रार्थना पत्र देखते ही उसे डी एम के पास भेज दिया।डी एम ने मामले को संज्ञान में लिया है और पीड़ित को न्याय का भरोसा दिया है।
प्राकृतिक खेती प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की सोच है। इससे अन्न और मिट्टी दोनों की गुणवत्ता में सुधार होगा और दवाइयों पर खर्च कम हो जाएगा। सरकार किसानों को हर तरह की सहायता दे रही है।तीस लाख रुपए की कीमत के कृषि यंत्रों पर 24लाख का अनुदान दिया जा रहा है।-सुधांशु शुक्ल ,जिला अध्यक्ष भाजपा, अमेठी
किसान सरकार की पहली प्राथमिकता है। खेती में रसायनों और कीटनाशकों के प्रयोग ने किसान और व्यापारी दोनों के लिए नई समस्या पैदा की है। अधिक कीटनाशक प्रयोग में होने के कारण चीन ने भारत से मिर्च के आयात को रोक दिया है। किसान भाई प्राकृतिक खेती अपनाएं इससे खेती और कृषि उत्पाद आधारित व्यापार दोनों सुरक्षित रहेंगे।-
राजेश अग्रहरि ,जिला पंचायत अध्यक्ष, अमेठी