
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज राय ने गुरुवार को नई प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में कुल 64 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें मथुरा के मांट विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।राजेश चौधरी लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। किसान परिवार में जन्मे राजेश चौधरी वर्ष 1987 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने संघ शिक्षा वर्ग का प्रशिक्षण लिया और राम मंदिर आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई।साल 1993 में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद बजरंग दल में जिला संयोजक के रूप में काम किया। युवा मोर्चा में भी उन्होंने जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश महामंत्री तक की जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2010 में उन्हें भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली।राजेश चौधरी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में मांट सीट से भाजपा को पहली जीत दिलाई थी। इससे पहले इस सीट पर भाजपा कभी चुनाव नहीं जीत पाई थी। उनकी संगठन क्षमता और क्षेत्र में पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश संगठन में अहम जिम्मेदारी दी है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में जाट समाज के बीच भी राजेश चौधरी की मजबूत पकड़ मानी जाती है। भाजपा में उनकी गिनती संगठन और जमीनी राजनीति से जुड़े नेताओं में होती है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह है।