
सुलतानपुर को मिली मेडिकल व नर्सिंग कॉलेज की सौगात, बेटियां यहीं करेंगी पढ़ाई
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे किनारे बनेगा इंडस्ट्रियल क्लस्टर, युवाओं को मिलेगा रोजगार

वेद प्रकाश/अनीता हरिकेश तिवारी
लखनऊ/सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर में 819 करोड़ रुपये से अधिक की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि लखनऊ में सपा से जुड़े एक भू-माफिया ने 120 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था, लेकिन जैसे ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, वह अगले ही दिन "बाप-बाप" कहते हुए खुद सरेंडर करने पहुंच गया।बारिश के कारण मुख्यमंत्री की जनसभा निर्धारित समय से देर से शुरू हुई। जनसभा से पहले उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।डायट फील्ड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों के लिए 819 करोड़ रुपये से अधिक की 99 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 270 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित राजकीय मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण प्रमुख रहा। साथ ही विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को चेक और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने भू-माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही स्पष्ट कर दिया गया था कि जिसने भी सरकारी या गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा किया है, वह 24 घंटे के भीतर उसे खाली कर दे, अन्यथा सरकार अपने तरीके से कार्रवाई करेगी। उन्होंने दावा किया कि इसी अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 64 हजार एकड़ से अधिक जमीन भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई जा चुकी है।मुख्यमंत्री ने लखनऊ का उदाहरण देते हुए कहा कि सपा से जुड़े एक भू-माफिया ने 120 एकड़ जमीन पर कब्जा कर रखा था। जांच के बाद एफआईआर दर्ज होते ही वह अगले दिन स्वयं सरेंडर करने पहुंच गया। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर पहले अवैध कब्जा था, वहां आज उत्तर प्रदेश फोरेंसिक इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा चुका है। यह सरकार की सख्त कार्रवाई और विकास मॉडल का प्रमाण है।मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय हर बड़े पर्व-त्योहार से पहले तनाव और उपद्रव का माहौल बन जाता था तथा दुर्गा पूजा और रामनवमी जैसे पर्व भी शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। गुंडागर्दी और अव्यवस्था के कारण विकास कार्य ठप थे और सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंच पाता था।उन्होंने कहा कि आज सुल्तानपुर की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कारण जिले की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अब अयोध्या अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 45 मिनट, लखनऊ करीब डेढ़ घंटे और वाराणसी लगभग दो घंटे में पहुंचा जा सकता है। बेहतर सड़क नेटवर्क ने पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति दी है।परियोजनाओं के तहत सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र को 687 करोड़ रुपये से अधिक तथा इसौली विधानसभा क्षेत्र को 130 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिली। इनमें सड़क, पुल, संग्रहालय भवन और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

विरोध प्रदर्शन रोकने को हाउस अरेस्ट किए गए सपा और कांग्रेस के नेता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान विरोधी दलों के प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने सुबह से ही एक्सन शुरू कर दिया और समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। सपा और कांग्रेस के एक दर्जन से अधिक स्थानीय नेताओं को पुलिस से सुबह ही अरेस्ट करके नगर कोतवाली पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री के वापस जाने के बाद इन नेताओं को छोड़ा गया।