
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते उन्नाव के नवाबगंज क्षेत्र में बसहा झील का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। झील का पानी आसपास के कई गांवों में पहुंच गया है। बरेला-ककोर बाबा मार्ग और बाजार में कई फीट पानी भरने से आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक नवाबगंज के दुंदपुर-हरचंदपुर बांध विवाद के करीब आठ दिन बाद भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। लगातार बढ़ते पानी के चलते कई घरों में पानी घुस गया है, जबकि सैकड़ों किसानों की फसलें जलमग्न होने से नुकसान की आशंका है।बताया जा रहा है कि करीब 20 गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग भी पानी में डूब गया है। इससे ग्रामीणों को बाजार, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई जगह पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगों को जोखिम उठाकर रास्ता पार करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि नहर की समय से सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई है। लगातार बिगड़ते हालात को लेकर लोगों में नहर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि मौजूदा विधायक ब्रजेश रावत चुनाव के बाद प्रभावित गांवों का निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। हालांकि विधायक पर लगाए गए इन आरोपों का उनका पक्ष इस खबर के लिए उपलब्ध नहीं है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो घरों के साथ खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान हो सकता है। लोगों ने नहर की सफाई व्यवस्था की जांच और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।