
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में चयन वेतनमान स्वीकृति में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। विकासखंड बेलसर के आठ सहायक अध्यापकों को नियमानुसार 4200 से 4600 ग्रेड पे दिए जाने के बजाय सीधे 4800 ग्रेड पे स्वीकृत कर दिया गया। मामला सामने आने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अमित कुमार सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बेलसर से स्पष्टीकरण और संबंधित अभिलेख तलब किए हैं।मानव संपदा पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन चयन वेतनमान सूची के अवलोकन में यह विसंगति सामने आई। बीएसए ने पूछा है कि संबंधित शिक्षकों को 4600 ग्रेड पे कब और किस आदेश के तहत स्वीकृत किया गया। इसके साथ ही 41 अन्य सहायक अध्यापकों की पात्रता, 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा और 4200 से 4600 ग्रेड पे पर चयन वेतनमान की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है। वित्त एवं लेखाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि पात्रता की पुष्टि होने तक वेतन निर्धारण और भुगतान की प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए। बीएसए अमित कुमार सिंह ने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।